Breaking News

Banner

बिलासपुर नगरीय निकाय चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था पूरी तरह चरमराई, मतदान केंद्र बने रणभूमि, निर्दलीय प्रत्याशी तैय्यब पर फर्जी वोटिंग और मारपीट का आरोप ।

# प्रदीप पटेल | 11 Feb, 2025

बिलासपुर। बिलासपुर जिले में नगरीय निकाय चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। मतदान केंद्रों पर मारपीट और हंगामे की घटनाएं सामने आईं, जिससे चुनावी माहौल गरमा गया। राजा रघुराज सिंह स्टेडियम, लाला लाजपतराय और गणेश नगर जैसे इलाकों में हिंसक झड़पें हुईं। इन घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे चुनावी प्रक्रिया में असहमति और बवाल की गंभीरता उजागर हो रही है। एक प्रमुख घटना में निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी तैय्यब पर फर्जी वोटिंग और मारपीट के गंभीर आरोप लगे हैं। बीजेपी के मंडल अध्यक्ष और पार्षद प्रत्याशी सिविल लाइन थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ़ FIR दर्ज करवाई। उन्होंने दावा किया कि तैय्यब के समर्थकों ने चुनाव में हिंसा भड़काई और मतदाताओं पर वोट डालने के लिए दबाव डाला ।

तैय्यब से जुड़ी घटना के बाद अन्य वार्डों से भी मारपीट और हिंसा की खबरें सामने आईं। इससे प्रशासन के शांति व्यवस्था के दावे सवालों के घेरे में आ गए हैं। मतदान केंद्रों पर पुलिस की तैनाती के बावजूद हिंसा को रोका नहीं जा सका, जिससे चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर संदेह बढ़ गया है। बढ़ते विवाद और हिंसा के बाद चुनाव आयोग ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। हालांकि, अभी भी स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में नहीं आई है। इस घटना ने चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और प्रशासनिक विफलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं ।