Breaking News

Banner

कार टैंकर में आमने सामने जबरदस्त भिड़ंत, भाजपा नेता सहित दो की मौत । 

# प्रदीप पटेल | 11 Nov, 2021

अंबिकापुर। आज सुबह अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे मार्ग पर कोरबा जिले के कटघोरा के पास कार-टैंकर में आमने सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस भीषण सडक़ हादसे में अंबिकापुर के युवा भाजपा नेता संजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं उनके चाचा जो गंभीर रूप से घायल थे, कुछ देर बाद उन्होंने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। संजीत के चचेरा भाई भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है, उसकी भी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।  सडक़ हादसे में संजीत व उसके चाचा की जैसे ही मौत की खबर अंबिकापुर वासियों को मिली, शहर में शोक का माहौल निर्मित हो गया। संजीत सिंह बेहद हंसमुख मिलनसार व युवा कर्मठ नेता थे ।

शहर के नमनाकला निवासी संजीत सिंह अभाविप के पूर्व प्रदेश मंत्री थे तथा वर्तमान में वे भाजपा के सक्रिय सदस्य थे। बुधवार की सुबह संजीत अपने चाचा केदारपुर निवासी पी. सिंह व लखनपुर निवासी चचेरा भाई अनुज सिंह के साथ कार से बिलासपुर जाने निकले थे। मार्ग में कटघोरा के समीप लालघाट के पास सामने से आ रही टैंकर के साथ जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस भीषण सडक़ हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए हैं, वहीं घटनास्थल पर ही कार चला रहे युवा भाजपा नेता संजीत सिंह की मौत हो गई। दुर्घटना में कार सवार पी. सिंह एंव अनुज सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें स्थानीय पुलिस ने कार से बाहर निकाल कर अस्पताल दाखिल कराया। कुछ ही देर बाद पी. सिंह की भी मौत हो गई, वहीं अनुज की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है ।

परिवार व शहर में पसरा मातम

संजीत सिंह अंबिकापुर के युवा नेताओं में जाना पहचाना व बड़ा नाम था। वे भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे। कुछ वर्ष पूर्व ही उनकी शादी हुई थी, उनका 18 महीने का एक बेटा है। सडक़ हादसे में उनकी मौत से उनके परिजनों में जहां कोहराम मचा हुआ है, वहीं भाजपा नेताओं में शोक की लहर है ।