Breaking News

Banner

कर्ज से छुटकारा पाने सरपंच ने 28 लाख की चोरी की रची कहानी ।

# प्रदीप पटेल | 09 Sep, 2021

बिलासपुर। जयरामनगर में सरपंच के मकान में हुई लाखों रुपए की कहानी झूठी निकली। कर्जदारों से परेशान होकर सरपंच ने अपने पति के साथ मिलकर सारी कहानी रची थी। पुलिस ने जांजगीर में बेचे गए 6 लाख रुपए के गहनों के दस्तावेज और 28 लाख रुपए बरमाद कर लिए हैं। अब सरपंच और उसके पति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है । 

मस्तूरी की सरपंच गिरजा देवी अग्रवाल के पति कमल अग्रवाल ने 4 सितंबर की सुबह 4 बजे अपने घर में चोरी की सूचना दी। कमल ने बताया था कि चोरों ने तीन सितंबर की रात उनके मकान का ताला तोड़कर 15 तोला सोना और 15 लाख नकद पार कर दिया। शिकायत पर ASP रोहित झा, थाना प्रभारी प्रकाश कांत टीम के साथ पहुंच गए। साथ ही डाग स्क्वायड की टीम और फोरेंसिक एक्सपर्ट को मौके पर बुलाया गया ।

व्यापार में नुकसान की वजह से बढ़ गया था कर्ज

जांच में पता चला कि एक सितंबर को सरपंच गिरजा अग्रवाल ने अपने सहायक के साथ जांजगीर जाकर 16 तोला सोने के जेवर को बेचा था। वहीं, तीन सितंबर को सरपंच पति कमल अग्रवाल ने 19 लाख की उधारी चुकाई थी। इसके बाद पुलिस ने सरपंच गिरजा अग्रवाल और उसके पति से पूछताछ शुरू कर दी। पहले तो वे गुमराह करते रहे। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने झूठी शिकायत की बात स्वीकार कर ली । पति-पत्नी ने बताया कि व्यापार में नुकसान के बाद उन्होंने घर का सोना बेचा था। इसकी जानकारी होने पर कमल अग्रवाल की मां के नाराज होने का डर था। इससे परिवार में कलह की आशंका थी। इसके अलावा उन्हें और कर्ज चुकाना था। इससे बचने के लिए उन्होंने चोरी की झूठी शिकायत कर दी। पुलिस ने जांजगीर से जेवर के दस्तावेज जब्त कर लिए हैं ।

100 से अधिक लोगों से हुई पूछताछ

मामले में पुलिस ने घर में काम करने वालों से लेकर उनके घर आने जाने वालों की लिस्ट तैयार की थी। इसके साथ ही गांव में जानकारी लेकर 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। सरपंच के घर समेत गांव और रेलवे स्टेशन का CCTV फुटेज खंगाला गया। साथ ही आसपास के गांव से भी CCTV के फुटेज लिए गए। इसमें पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया। तब पुलिस को घटना पर संदेह हुआ। ASP रोहित झा ने बताया कि चोरी की शिकायत झूठी मिलने के बाद मामले को खत्म माना जाएगा। इसके बाद न्यायालय से अनुमति लेकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।