Breaking News

Banner

कोर्ट में पेशी से पहले चकमा देकर भाग निकला चोर, पुलिस कॉन्स्टेबल की मौजूदगी में हुआ फरार ।

# प्रदीप पटेल | 05 Aug, 2021

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर कोर्ट की पेशी के दौरान आरोपी के भागने का मामला सामने आया है। आपको बता दें कि शातिर चोर पुलिस कॉन्स्टेबल की मौजूदगी में कोर्ट से फरार होने में कामयाब हो पाया है। फिलहाल इस भगोड़े चोर की तलाश डीडी नगर थाना पुलिस सहित सिविल लाइन थाना पुलिस टीम कर रही है ।

मामला डीडी नगर इलाके का है जहां मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में पुलिस ने चंगोराभांटा BSUP कॉलोनी के एक मकान में रहने वाले दिनेश यादव उर्फ रितिक को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दिनेश ने बताया कि वहां रायपुर के अलग-अलग इलाकों में खड़ी बाइक को चुराकर बेच देता था। इसके बाद उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया जा रहा था। दिनेश को जज के सामने पेश कर रिमांड पर जेल भेज दिया जाता, परंतु इसी दौरान पेशी की जब बारी आने वाली थी तो कोर्ट कैंपस में जज के कमरे के बाहर कॉन्स्टेबल विश्वनाथधर दीवान व अवधेश पांडे दिनेश के साथ थे, जहां दिनेश के हाथों में हथकड़ी लगी थी जिसे पुलिसकर्मी विश्वनाथ ने पकड़ रखा था ।

बातों बातों में धीरे से दिनेश ने अपनी पतली कलाई को हथकड़ी से निकाल ली और पुलिसकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी और दिनेश मौके से फरार हो गया । विश्वनाथ और अवधेश ने यह देखा तो दिनेश की कोर्ट कैंपस में तलाशी की परंतु तब तक देर हो चुकी थी और दिनेश भाग खड़ा हुआ ।

इस बात की सूचना डीडी नगर थाना प्रभारी को मिलने के बाद कॉन्स्टेबल को फटकार लगाई गई जिसके बाद सिविल लाइन थाना पहुंचे कॉन्स्टेबल विश्वनाथ ने इस मामले की शिकायत दर्ज करवाई और दिनेश के फरार होने पर एफ आई आर दर्ज करवाई है। इसके पहले भी रायपुर में महासमुंद जिले का एक हत्या का आरोपी फरार हो चुका है ।