Breaking News

Banner

वरिष्ठ (फोटोग्राफर) पत्रकार से हुई लूटपाट मामले में पुलिस ने दो नाबालिग समेत छह आरोपियों को किया गिरफ्तार, मास्टरमाइंड ने डकैती की बनाई थी योजना ।

# प्रदीप पटेल | 16 Jun, 2021

बिलासपुर। एक अखबार के फोटोग्राफर पवन सोनी के साथ हुई लूटपाट के मामले में पुलिस ने दो नाबालिग समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले का खुलासा एडिशनल एसपी कार्यालय में एएसपी उमेश कश्यप एवं सीएसपी निमिषा पांडे के नेतृत्व में किया गया। दरअसल14 जून की रात घर लौट रहे पवन सोनी पर इंदिरा कृषि महाविद्यालय कोनी के पास पीछे से आ रहे मोटरसाइकिल सवार छै लुटेरों द्वारा हमला किया गया। बाद में उन्हें चाकू दिखाकर उनके पास मौजूद डीएसएलआर कैमरा, प्रेस आईडी कार्ड, एटीएम, पेनड्राइव, नगदी 5000 रुपये लूट लिए गए। पत्रकार के साथ हुई इस घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया और आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। घटनास्थल पर झूमा झपटी के दौरान किसी आरोपी का लाल रंग का जैकेट और गमछा गिर गया था, जो पुलिस के हाथ लगा।

जानकारी इकट्ठा करने के दौरान पता चला कि रात्रि गश्त के दौरान रतनपुर थाने में पदस्थ आरक्षक रामलाल सोनवानी को महामाया चौक रतनपुर में देर रात बाइक में सवार तीन संदिग्ध घूमते मिले थे। जिन्होंने पूछताछ करने पर खुद को सीपत क्षेत्र के ग्राम गुढ़ी का होना बताया था। सरकंडा पुलिस को भी इन पर संदेह हुआ। इसलिए उनके मोटरसाइकिल नंबर को आधार बनाकर उनकी तलाश शुरू की गई, और जल्द ही आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। जिन्होंने बताया कि उस रात सभी डकैती की योजना बनाकर बिलासपुर की ओर निकले थे। कोनी में सुनसान जगह पर उन्हें पवन सोनी मिल गए। इसलिए उन्होंने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। उनका एक साथी सुमित रजक लूटा हुआ कैमरा लेकर कोरबा दीपका भाग गया था। पुलिस ने 15 घंटे के भीतर लूटे गए कैमरा सहित नगद 3500रुपये, प्रेस आईडी कार्ड, पेनड्राइव और आरोपियों से मोबाइल बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने ग्राम गुड़ी सीपत निवासी अमन साहू, रामेश्वर विश्वकर्मा, दिनेश विश्वकर्मा और दीपिका कोरबा निवासी सुमित रजक समेत अन्य दो नाबालिक को गिरफ्तार किया है ।