Breaking News

Banner

एंटी करप्शन ब्यूरो ने जनपद सीईओ समेत 4 अधिकारियों को घूस लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार ।

# प्रदीप पटेल | 11 Jun, 2021

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज एंटी करप्शन ब्यूरो ने ताबड़तोड़ छापे मारे हैं। एसीबी-ईओडब्ल्यू चीफ आरिफ शेख के निर्देश और एसपी पंकज चंद्रा व एएसपी अमृता सोरी की अगुवाई में एसीबी ने प्रदेश के आज अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई की, जिसमें जनपद सीईओ समेत 4 अधिकारियों को घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। बलौदाबाजार से जहां जनपद सीईओ की गिरफ्तारी 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए हुई तो वहीं बलरामपुर, बस्तर और कवर्धा से घूसखोर पटवारियों को एसीबी की टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है।

बिलाईगढ़ के जनपद सीईओ कुलेश्वर गायकवाड़ ने स्कूल आहाता निर्माण की बकाया राशि भुगतान के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी, वहीं बस्तर के भनपुरी स्थित उंगारपाल के पटवारी मुकेश कुमार बिसाई 8 हजार रूपये, बलरामपुर के राजपुर के पटवारी अमित गुप्ता 40 हजार और कवर्धा में गजेंद्र चंद्रवंशी को 11 हजार रूपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

20 हजार रुपए लेते पकड़े गए जनपद CEO

बलौदाबाजार में ठेकेदार ने स्कूल अहाता निर्माण कार्य किया था। इसका बकाया 3 लाख रुपए का भुगतान किया जाना था। इस राशि के एवज में आरोपी जनपद पंचायत CEO कुलेश्वर गायकवाड़ (60) 20 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे थे। इस पर ठेकेदार ने ACB से शिकायत कर दी। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने ट्रैप का आयोजन कियाम, और जनपद पंचायत CEO को रुपए लेते उनके ही बिलाईगढ़ स्थित सरकारी आवास से पकड़ लिया।

जमीन नामांतरण के लिए पटवारी ने मांगे 8 हजार

बस्तर के एक व्यक्ति को अपनी जमीन का नामांतरण कराना था। इसके लिए उंगारपाल, भनपुरी के हल्का नंबर 13 में पटवारी मुकेश कुमार बिसाई से संपर्क किया। आरोप है कि उन्होंने नामांतरण के लिए 8 हजार रुपए मांगे। इस पर प्रार्थी ने ACB में शिकायत की। सत्यापन के बाद जगदलपुर ACB यूनिट ने ट्रैप किया और पटवारी मुकेश बिसाई को उसके ही बस्तर कार्यालय से रिश्वत के रुपए लेते गिरफ्तार कर लिया।

पटवारी ने नक्शा और खसरा की नकल देने के बदले मांगे 50 हजार

एक अन्य मामले में बलरामपुर जिले के राजपुर तहसील के हल्का नंबर 26 के पटवारी अमित गुप्ता पर आरोप है कि उन्होंने बी-1, नक्शा, खसरा की नकल देने के एवज में 50,000 रुपए की रिश्वत की मांगी थी। प्रार्थी की शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB की अंबिकापुर यूनिट ने ट्रैप का आयोजन किया। इसके बाद टीम ने तय रकम की पहली किश्त के रूप में 40 हजार रुपए लेने पहुंचे पटवारी अमित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।

ऋण पुस्तिका देने की एवज में पटवारी ने मांगे 11 हजार

कवर्धा में भी सहसपुर लोहारा तहसील के ग्राम मानपुर में हल्का नंबर 22,23 के पटवारी गजेंद्र चंद्रवंशी पर आरोप है कि उन्होंने स्थानीय निवासी को ऋण पुस्तिका बनाकर देने की एवज में 11 हजार रुपए मांगे थे। इस पर शिकायत की गई तो ACB ने सत्यापन किया और रुपए लेने के लिए तारीख तय कराई। इसके बाद उनके ही कार्यालय में रिश्वत के रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सभी पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।