Breaking News

Banner

 सुकमा में नक्सलियों ने फोर्स के ज्वाइंट कैंप पर किया हमला, 3 लोगों की क्रास फायरिंग में मौत ।

# प्रदीप पटेल | 18 May, 2021

बीजापुर। सुकमा में नक्सलियों ने सोमवार को फोर्स के ज्वाइंट कैंप पर हमला कर दिया। नक्सलियों ने कैंप पर फायरिंग कर दी। इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की है। इस गोलीबारी की चपेट में आकर तीन लोगों की मौत हो गई। यहां ग्रामीण पिछले तीन दिन से कैंप के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। मुठभेड़ की पुष्टि बस्तर IG सुंदरराज पी. ने की है। उन्होंने बताया कि फायरिंग में मारे गए लोगों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

IG सुंदरराज पी. ने बताया कि सिलगेर गांव में पिछले सप्ताह सुरक्षा बलों के लिए कैंप शुरू किया गया था। कैंप बनने के बाद नक्सलियों ने ग्रामीणों को भड़काकर इसका विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि जब ग्रामीण कैंप का विरोध करने वहां एकत्र हुए थे, तब करीब दोपहर साढ़े 12 बजे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की और इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई।

मारे गए लोगों की शिनाख्त नहीं, ऑपरेशन जारी

इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की है। इस मुठभेड़ में 3 लोग मारे गए हैें। IG बस्तर सुंदरराज पी. ने बताया कि मारे गए तीन पुरुषों के शव बरामद किए हैं। अभी उनकी पहचान नहीं हो सकी है। मौके पर और फोर्स भेजी गई है। अभी ऑपरेशन चल रहा है। इसके रुकने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अभी तक इतनी ही जानकारी सामने आई है ।

नक्सली लीडर हिड़मा का है इलाका

हाल ही में बीजापुर में हुए नक्सल हमले में 22 जवान शहीद हुए थे। बस्तर का झीरम कांड जिसमें कांग्रेस पार्टी के बड़े नेता मारे गए। इस तरह की दर्जनों घटनाओं की प्लानिंग और एक्शन को नक्सली लीडर हिड़मा अंजाम देता है। जहां ग्रामीणों से प्रदर्शन किया है, ये उसी का इलाका है। फोर्स के आने से पहले तक आए दिन नक्सली यहां ग्रामीणों की बैठक लेते रहे हैं। बड़े नक्सली नेताओं की यहां आवाजाही रही है। फोर्स की चहलकदमी बढ़ने से नक्सलियों को अपनी जमीन खोने का डर सता रहा है।