Breaking News

Banner

आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने शराब की होम डिलीवरी का लिया फैसला, 10 मई से शुरू होगी होम डिलीवरी ।

# प्रदीप पटेल | 08 May, 2021

रायपुर। शराब अब ऑनलाइन बुक कर इसकी होम डिलीवरी होगी। प्रदेश के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने ये बात मीडिया से चर्चा में स्वीकारी है। कवासी लखमा ने कहा है कि प्रदेश में सैनिटाइजर पीने और जहरीली शराब पीने की वजह से कुछ लोगों की मौत की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसे देखते हुए हम तैयारी कर रहे हैं। शराब ऑनलाइन बुकिंग के जरिए मिलेगी, फिलहाल दुकानें नहीं खोली जाएंगी। पिछले लॉकडाउन में भी हमने यह प्रयोग किया था।

आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने इस संबंध में बताया, कि बिलासपुर और रायपुर में हाल ही में हुई घटनाओं ने सरकार को सोचने पर मजबूर कर दिया है, इस दुखद घटना की वजह से हम तैयारी कर रहे हैं। जो भी होगा पारदर्शी व्यवस्था करेंगे, ऑनलाइन डिलीवरी की। माना जा रहा है कि प्रदेश में शराब की होम डिलीवरी की सेवा सोमवार से शुरू हो सकती है।

ऐसी होगी व्यवस्था

आबकारी विभाग के सूत्रों की मानें तो 10 मई से शराब का ऑनलाइन ऑर्डर और होम डिलीवरी की सुविधा शुरू की जा सकती है। इसके लिए सुबह 9:00 बजे से रात 8:00 बजे तक का वक्त तय किया जाएगा। पिछले बार की ही तरह इस बार भी csml-in नाम के एप से मोबाइल पर शराब बुक की जा सकेगी। इसके लिए ग्राहकों को अपना मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, पूरा पते की जानकारी देनी होगी। लोगों को ऑनलाइन ऑर्डर करने के दौरान शराब का नाम और उसका रेट एप पर दिखेगा। शराब की दुकान से 15 किलोमीटर के रेंज के भीतर लोग शराब मंगा सकेंगे। डिलीवरी चार्ज 100 रुपए तक देना पड़ सकता है। शराब की पेमेंट ऑनलाइन होगी।

रायपुर और बिलासपुर में हुई मौतें

रायपुर में लालगंगा मॉल के पीछे की बस्ती में सैनिटाइजर पीने की वजह से 2 युवकों की मौत इसी सप्ताह हुई है। बिलासपुर में भी शराब में कफ सिरप मिलाकर पीने से 9 लोगों की मौत हो गई। पिछले साल लॉकडाउन के दौरान भी रायपुर में तीन युवकों की ऐसी ही मौत हुई थी इसके बाद सरकार ने ऑनलाइन शराब डिलीवर करने का फैसला लिया था।