Breaking News

Banner

रायपुर और राजनांदगांव से 42 करोड़ के सोने-चांदी के बिस्किट और रॉड बरामद, विदेशों से हो रही थी स्मगलिंग ।

# प्रदीप पटेल | 04 May, 2021

रायपुर। रेवेन्यू इंटेलिजेंस डायरेक्टोरेट (DRI) की रायपुर और इंदौर टीम ने मिलकर बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर के दो तस्करों को पकड़कर टीम ने पूछताछ की तो राजनांदगांव के मोहनी ज्वेलर्स के बारे में जानकारी मिली। टीम ने वहां छापा मारा तो विदेशों से छत्तीसगढ़ स्मगल किए हुए सोने और चांदी के बिस्किट और रॉड का बड़ा जखीरा हाथ लगा।

रायपुर DRI के एक अधिकारी ने बताया कि इस कार्रवाई में रायपुर के तस्करों से 13 किलो सोना, राजनांदगांव के मोहनी ज्वेलर्स से 5 टन (5000 किलो) चांदी, साढ़े चार किलो सोना और 32 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में मिले सोने-चांदी की कीमत लगभग 42 करोड़ है। अभी तीन और लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

रायपुर से मिला इनपुट

रायपुर के दो लोग 13 किलो सोना लेकर कोलकाता से आ रहे थे। खुफिया इनपुट के आधार पर इन्हें पकड़ लिया गया। अफसरों ने इन दोनों की तलाशी ली तो कुछ नहीं मिला मगर तभी इनके कपड़ों के अंदर कुछ अजीब लगा। जांचने पर पता लगा कि पीठ की तरफ कपड़ों के अंदर टेप की पट्‌टी से इन्होंने कुछ लपेट रखा था। अफसरों ने पट्‌टी खोली तो विदेशी मार्क के सोने के बिस्किट गिरने लगे। पूछताछ में इन दोनों ने राजनांदगांव के जौहरी जसराज शांति लाल बैद को सप्लाई देने की बात कबूली। टीम ने इसके बाद वहां छापा मारा।

ऐसे होती है सोने की तस्करी

DRI के एक अधिकारी ने बताया कि ज्यादातर मामलों में सोने की स्मगलिंग दुबई से शुरू होती है। वहां से गुपचुप तरीके से कारोबारी म्यांमार, बांग्लादेश, फिर भारत में नॉर्थ ईस्ट राज्यों और बंगाल से सोना या चांदी तस्करी करवाकर मंगाते हैं। इस मामले में भी कुछ ऐसा ही है। रायपुर के दो लोग हमारी हिरासत में हैं, हम उनसे पूछताछ कर रहे हैं। इस मामले में रायपुर के कुछ कारोबारियों के भी शामिल होने की खबर है। तीन लोग राजनांदगांव से भी हिरासत में हैं।