Breaking News

Banner

धन संग्रह पूरा होने के बाद भी वसूली जारी, BJP नेता पर 10 रु. के राशिद पर 51 रु. लेने का आरोप ।

# प्रदीप पटेल | 25 Mar, 2021

रायपुर। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के लिए धन संग्रह का काम पूरा हो चुका है। उसके बाद भी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में वसूली जारी है। ऐसी ही एक वसूली को लेकर आज मंदिर हसौद थाने में बवाल हो गया। कुछ महिलाओं ने थाने में स्थानीय भाजपा नेता की शिकायत कर अधिक वसूली का आरोप लगाया है।

मंदिर हसौद थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान ने बताया मुंगेशर गांव की महिला मोगरा चौहान की शिकायत पर राम मंदिर के नाम पर चंदा लिए जाने के दौरान भाजपा नेता कृष्ण वर्मा और संतोष वर्मा द्वारा महिलाओं से गाली गलौज के शिकायत पर FIR दर्ज की गई है। चंदे को लेकर शिकायत को भी विवेचना में लिया गया है।

बताया जा रहा है कि आज दोपहर मुंगेशर गांव की दर्जनों महिलाएं मंदिर हसौद थाने पहुंची थी। मुंगेशर की नारी शक्ति संगठन की अध्यक्ष मोगरा चौहान की ओर से गांव के ही कृष्ण वर्मा और संतोष वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है। मोगरा चौहान का आरोप है कि कम कीमत के कूपन पर अधिक राशि की वसूली की शिकायत होने से नाराज कृष्ण वर्मा ने अपने साथियों के साथ उन्हें धमकी दी है।

बताया जा रहा है कि कृष्ण वर्मा भाजपा मंदिर हसौद मंडल का अध्यक्ष भी है। भाजपा नेता कृष्ण वर्मा ने इन आरोपों को राजनीति स्टंट बताया है। उन्होंने कहा, राजनीतिक वजहों से हम जैसे कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है। चंदे की रसीद की कमी के चलते कुछ कम कीमत वाले कूपन दिए गए थे। बाद में कूपन आ गए तो सभी को दे दिया गया था। इसमें विवाद जैसी कोई बात ही नहीं है।