Breaking News

Banner

पुलिस कांस्टेबल की पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान ।

# प्रदीप पटेल | 04 Feb, 2021

जांजगीर।  मंगलवार देर रात एक पुलिस कांस्टेबल की पत्नी ने आत्महत्या कर ली। उसका शव पुलिस कॉलोनी स्थित मकान में फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस का कहना है कि महिला को पुरानी कॉलोनी छोड़कर नई में रहना अच्छा नहीं लग रहा था। इसके चलते उसने ऐसा कदम उठाया है। फिलहाल पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया है। महिला के दो बच्चे भी हैं। मामला जांजगीर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, खोखरा भांठा में पुलिस वालों के लिए नई कॉलोनी निलयम बनाई गई है। इसी के क्वार्टर नंबर 100 में कांस्टेबल कुगेश पटेल अपनी पत्नी सीमा पटेल और दो बच्चों के साथ रहते हैं। उनकी ड्यूटी पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप में लगी है। मंगलवार देर रात जब कुगेश की नींद खुली तो उसकी पत्नी वहां नहीं थी। वह देखने के लिए गया तो बगल के कमरे में गमछे से पंखे से उसका शव लटक रहा था।

पुलिस ने बताया कि इससे पहले पूरा परिवार शाम को भीमा तालाब घूमने भी गया था। सीमा पटेल नई कॉलोनी को छोड़कर पुरानी कॉलोनी में जाने के लिए जिद करती थी। उसे यहां अच्छा नहीं लग रहा था। उसने अपने पड़ोसियों से भी यहां नहीं रहने की बात कई बार कही थी। नई कॉलोनी का पिछले साल मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया था। इसके बाद विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और आरक्षकों को आवास आवंटित किया गया था।