Breaking News

Banner

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 12 साल की बच्ची की मौत, पिता-पुत्र गंभीर ।

# प्रदीप पटेल | 20 Jan, 2021

सूरजपुर। मंगलवार को ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 12 साल की बच्ची की मौत हो गई। जबकि पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने ट्रक में आग लगा दी। फिलहाल मौके पर फोर्स तैनात की गई है। घटना बिश्रामपुर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, कुरुवा निवासी आलम रजवाड़े अपने 6 साल के बेटे और 12 साल की भतीजी नेहा को लेकर बाइक से सुबह करीब 10 बजे खेत जा रहे थे। अभी वे ग्राम डेडरी पहुंचे थे कि पुल से करीब 100 मीटर पहले अंधा मोड़ के पास सामने से सीमेंट लेकर आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिता-पुत्र उछलकर दूर गिरे। जबकि बच्ची नेहा ट्रक के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बाइक को घसीटते ले गया ट्रक, भड़का लोगों का गुस्सा

टक्कर के बाद बाइक ट्रक में फंस गई और दूर तक घिसटती चली गई। इसके चलते ट्रक आगे रुक गया। हादसा होते देख ग्रामीण भड़क गए। वह दौड़कर ट्रक तक पहुंचे, लेकिन उससे पहले ही चालक वहां से भाग निकला। इसके बाद गुस्साए लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान स्थिति गंभीर देख सूरजपुर एडिशनल SP, SDM, CSP, और तहसीलदार भी पहुंच गए। लोगों के गुस्से को देखते हुए थाने और चौकी से फोर्स बुला ली गई। मौके पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना के चलते कुरवा से मानि चौक तक जाने वाला मार्ग करीब 4 घंटे तक जाम रहा। इसके बाद SDM पुष्पेंद्र शर्मा ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। फिलहाल पिता-पुत्र की हालत गंभीर बनी हुई है।