Breaking News

Banner

विधायक शैलेष और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तैय्यब के बीच विवाद मामला, पीसीसी ने गठित की जांच समिति ।

# प्रदीप पटेल | 05 Jan, 2021

रायपुर। विधायक शैलेश पांडेय और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तैयब हुसैन के बीच हुई बहस और धक्का-मुक्की के मामले में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जांच समिति गठित कर दी है, और 3 दिन में जवाब देने कहा है। कमेटी में पीसीसी उपाध्यक्ष चुन्नीलाल साहू, पीसीसी महामंत्री कन्हैया अग्रवाल, पीसीसी महामंत्री पियुष कोसरे को सदस्य बनाया है। प्रभारी महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला ने समिति के सदस्यों से तत्काल बिलासपुर का दौरा कर उक्त घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित पदाधिकारियों से चर्चा कर घटना की वस्तुस्थिति से अवगत कराने कहा है।

ये था पूरा मामला

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार को बिलासपुर प्रवास पर थे। इस दौरान न्यू सर्किट हाउस में स्थानीय कांग्रेस नेता इकट्‌ठा हुए थे। वहीं पर क्षेत्रीय विधायक शैलेष पाण्डेय ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तैयब हुसैन को ब्लॉक अध्यक्ष बनाए जाने की बधाई दी। तैयब हुसैन ने उसे तंज समझा। उन्होंने कहा, आप तो चाहते ही नहीं थे कि मैं ब्लॉक अध्यक्ष बनूं। विधायक ने कहा, वे इस पद पर किसी नये आदमी को देखना चाहते थे। ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा- अगली बार हम भी किसी नये आदमी को विधायक बना देंगे। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया जो धक्कामुक्की तक पहुंच गया।